
उधमसिंहनगर। जिले के जसपुर में बाजार जा रहे युवकों पर गुलदार ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पिछले कुछ माह से बार- बार जो रहे गुलदार के हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सीपका गांव निवासी कर्मजीत सिंह (30) और लवप्रीत सिंह (25) भाई बुधवार देर शाम घर बाइक से बाजार जा रहे थे। इस बीच अचानक रास्ते में झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। युवकों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पतरामपुर के रेंजर महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में एक मादा गुलदार अपने बच्चों के साथ घूम रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इस क्षेत्र से दूर रहने को कहा है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। गुलदार के बढ़ते हमलों से क्षेत्र में भय का माहौल है।











