रुद्रपुर। शहर के सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में होली मिलन समारोह के दौरान छात्रों के गुट आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है। मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस को शिकायत नहीं सौंपी है।
जानकारी के मुताबिक, कॉलेज कैंपस में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच किसी बात को लेकर दो छात्र गुटों में तीखी नोकझोंक हुई जो बाद में मारपीट में बदल गई। हालत बिगड़ने पर कॉलेज प्रशासन और कुछ छात्रों ने बीच-बचाव कर मारपीट कर रहे छात्र गुटों को अलग किया।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे से गालीगलौज करते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इससे कॉलेज में पढ़ाई के माहौल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो को घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ स्टूडेंट्स ने रिकॉर्ड किया है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी ने भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











