
हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में शहर में चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाने को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को निर्देश दिए कि मंगलवार से नए विद्युत पोल लगाए जाने का कार्य प्रारंभ किया जाए तथा शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी शीघ्र पूर्ण किया जाए।
मार्ग के बाईं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी जारी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
वही सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी निर्मित डॉम हट भी हटाया जाना है, जिसके लिए परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर के अप्रैल माह तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी चौड़ी सड़क का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम ए.के. कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।











