हल्द्वानी। आज के दौर में जहां पैसा ही लोगों का दीन ईमान बन चुका है। छोटी – छोटी बातों पर भाई ही भाई का दुश्मन बन रहा है। चंद रुपयों के लिए लोग एक दूसरे का खून बहने को तैयार हैं वहीं कहीं न कहीं कुछ लोगों में ईमानदारी और मानवता आज भी जिंदा है।
शनिवार की रात धारचूला में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही महिला कलावती के समान में से एक बैग कालाढूंगी रोड पर कमल स्वीट्स के निकट ऑटो में से गिर गया। बैग में कपड़ों के साथ ही 25 से 30 लाख के जेवरात और नकदी थी। बैग वहां से अपने घर की और जा रहे लालडांठ निवासी एडवोकेट प्रदीप कुमार सागर को मिला। प्रदीप के अनुसार वह बैग लेकर मुखानी चौकी पहुंचे लेकिन वहां किसी पुलिस कर्मी के न मिलने पर वह बैग को लेकर अपने घर चले गए। प्रदीप ने बताया कि रात अधिक हो जाने के कारण उन्होंने फिर किसी और थाना चौकी से संपर्क नहीं किया। रविवार की सुबह उनके पास पुलिस का कॉल आया तो वह बैग लेकर मुखानी थाने पहुंच गए। बैग पाकर कलावती देवी ने मुखानी पुलिस और प्रदीप का धन्यवाद अदा किया।





