गड्ढा कॉलोनी स्थित मकान में चल रहा था जुए का खेल, कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मारा छापा
काशीपुर। शहर में अवैध जुए के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में संचालित जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गड्ढा कॉलोनी स्थित मकान में छापा मारकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 3,01,620 रुपये की नकदी और ताश की दो गड्डियां बरामद की हैं।
एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गड्ढा कॉलोनी स्थित चर्चिल जिंदल के मकान में छापेमारी की। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने घेराबंदी कर सभी 12 लोगों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में चर्चिल जिंदल निवासी प्रकाश रेजिडेंसी, अंशुल ग्रोवर निवासी डॉक्टर लाइन, अंकित अग्रवाल निवासी वैशाली कॉलोनी, विजय गर्ग और जय गर्ग निवासी मेन मार्केट, गुलफाम निवासी मुरादाबाद, सुभाष अली निवासी गड्ढा कॉलोनी, नितिन कुमार निवासी घास मंडी, वासु गौड़ निवासी विष्णुपुरम, गौरव सोनी निवासी मोहल्ला सिंघान, नमन अग्रवाल निवासी स्टेडियम के पीछे और आशुतोष तिवारी निवासी चामुंडा विहार शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से जुए में लगाई गई 3,01,620 रुपये की नकदी और ताश की दो गड्डियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





