रुद्रपुर। ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए बैल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2009 बैच के कांस्टेबल भुवन आर्या (41) पुत्र मनीराम, निवासी मित्रपुरम, जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, हल्द्वानी, ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात थे। शुक्रवार रात वह बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास अचानक सड़क पर एक बैल आ गया। भुवन की बाइक उससे जोरदार टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांस्टेबल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान बैल का सींग उनके सीने के पास लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल भुवन आर्या को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार में मचा कोहराम
भुवन आर्या की मौत की खबर मिलते ही उनके पिता मनीराम, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। तीन भाइयों में बीच के भुवन आर्या अपने पीछे पत्नी और सात वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
पुलिस महकमे में भी शोक
ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने भुवन आर्या के निधन पर गहरा दुख जताया। ड्यूटी निभाते हुए उनकी असमय मौत ने पुलिस महकमे को भी झकझोर दिया।






