हरिद्वार। गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने के मामले का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो वाहनों की तलाशी लेकर 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग समेत रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित रूप से गांव-देहात में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहे हैं। आरोप है कि कैंप में एकत्र रक्त को ब्लड बैंक पहुंचाने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी की टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
स्विफ्ट कार UK-08-BL-3257 की डिग्गी से आइस बॉक्स में 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग मिले। इसके अलावा ब्लड यूनिट की जांच, माप और रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए।
वहीं स्कॉर्पियो एन UP-20-CD-8085 से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड और हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना आवश्यक अनुमति और लाइसेंस के ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
मामले में कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 829/2026, धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं धारा 316(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पांच आरोपी हिरासत में
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान अनित सैनी निवासी फतवा, लक्सर; शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला, खानपुर; दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, बिजनौर; कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला, मुरादाबाद और दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा, सम्भल के रूप में हुई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार बेल्ट, वेट मशीन, चार ब्लड डोनर चेयर और ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन बरामद की है। इसके अलावा दोनों वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।






