
हल्द्वानी।कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का समाधान किए जाने को रेस्टोरेंट, होटल एवं कैटरिंग व्यवसायियों ने सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष कारोबारियों ने बताया कि गैस सिलेंडर की अनियमित और सीमित आपूर्ति के कारण व्यवसाय अत्यधिक प्रभावित हो रहा है, जिससे कई प्रतिष्ठानों के सामने कार्य संचालन का संकट उत्पन्न हो गया है। व्यवसायीयों ने बताया कि रेस्टोरेंट, होटल और कैटरिंग व्यवसाय पूर्ण रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर पर निर्भर है। गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण ग्राहकों को सेवा देना कठिन हो रहा है, और इससे व्यवसाय से जुड़े हजारों कर्मचारियों की रोजी-रोटी भी प्रभावित होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय के लिए सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया है।











