हल्द्वानी। नगर के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने जा रही शिव कथा से पूर्व बुधवार को एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जहाँ नगरवासियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और भव्य स्वागत किया गया।
इस कलश यात्रा में 551 पवित्र कलश सम्मिलित रहे। पीताम्बर रंग की साड़ियों में सुसज्जित मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा को दिव्यता प्रदान की। महिलाओं की अनुशासित एवं भक्तिमय सहभागिता ने पूरे नगर को शिवमय वातावरण से ओतप्रोत कर दिया।
कलश यात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए आकर्षक एवं जीवंत झाँकियाँ भी प्रस्तुत की गईं। इनमें सर्वप्रथम विघ्नहर्ता भगवान गणेश की झाँकी रही, जिनके दर्शन मात्र से वातावरण मंगलमय हो उठा। इसके पश्चात श्री हनुमान जी की ओजस्वी झाँकी ने श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का संचार किया। वहीं भगवान शिव, गण एवं शिव परिवार की झाँकी ने उपस्थित जनसमूह को गहन आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, जय श्री गणेश, जय बजरंगबली के गगनभेदी जयघोष, ढोल-नगाड़ों एवं भजन-कीर्तन से संपूर्ण नगर भक्तिरस में डूब गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई तथा पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया गया।
इस भव्य कलश यात्रा का उद्देश्य शिव कथा के शुभारंभ से पूर्व नगर में धार्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रसार करना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
यह दिव्य कलश यात्रा शिव कथा के मंगल और शुभारंभ का प्रतीक बनी तथा हल्द्वानी नगर को पूर्णतः शिवमय कर गई।
यात्रा का शुभारंभ पूजन के साथ किया गया और प्रथम पूजन में गोपाल पाल, राजेश अग्रवाल, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, अंकित शर्मा, भगवान सहाय गर्ग, विधायक सुमित हृदेश ,शंकर कोरंगा, ललित जोशी आदि उपस्थित रहे।











