ऊधमसिंहनगर। जिले के गदरपुर में नशे के खिलाफ एसटीएफ को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। सोमवार को एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट, ड्रग विभाग की टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गदरपुर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर ‘कुमार मेडिकल हॉल’ पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान जीवन रक्षक दवाओं की आड़ में बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाएं मिली। पुलिस के मुताबिक इसे साल 2026 में उत्तराखंड राज्य में पकड़ी गई अब तक की सबसे बड़ी नशीली दवाओं की खेप बताया जा रहा है।
सटीक सूचना के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा और एसटीएफ इंस्पेक्टर विकास चौधरी की टीम जब मेडिकल स्टोर पहुंची, तो वहां दुकान का मालिक राजकुमार मौजूद था।
जब टीम ने काउंटर की तलाशी ली, तो वहां एक थैले में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं। सख्ती से पूछे जाने आर आरोपी ने स्टोर रूम में नशीली दवाओं का पूरा जखीरा छिपाकर रखे जाने की बात बताई।
टिम ने 9416 कैप्सूल स्पास्मो और प्रॉक्सीको आदि ब्रांड के, 1300 टैबलेट मानसिक शांति के लिए इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवा की, 51 सीसी कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप बरामद किए।
जब ड्रग इंस्पेक्टर ने इन भारी-भरकम दवाओं के बिल और वैध कागजात मांगे, तो आरोपी मेडिकल संचालक राजकुमार कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि ये नशीले कैप्सूल और सिरप उसे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का एक व्यक्ति सप्लाई कर के जाता था। पुलिस ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/22 के तहत गदरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।











