- ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने की कार्रवाई, एटीएम कार्ड भी लूटा था
- गिरफ्तार आरोपियों में तीन रामनगर के भवानीगंज के रहने वाले, कई के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में युवक से मारपीट कर बुलेट बाइक, नकदी और एटीएम कार्ड लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट बाइक और 2610 रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी पवन कुमार सात नवंबर की रात सिडकुल स्थित कंपनी से घर लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे विवेकनगर के पास सुमित राजपूत उर्फ गंठा, सागर राजपूत, अभिषेक राजपूत और दीपक कुमार ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जेब से पांच हजार रुपये, एटीएम कार्ड और बुलेट बाइक (यूके06 बीएस 0244) लूट ली और फरार हो गए। पवन की तहरीर पर पुलिस ने नौ नवंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोदी मैदान के पास पीपल के पेड़ के नजदीक दबिश देकर चारों आरोपियों को लूटी गई बुलेट के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक लूटने की बात स्वीकार की। तलाशी में उनके पास से 2610 रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि शेष रकम खर्च कर दी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राजपूत (23), सागर राजपूत (19), सुमित राजपूत उर्फ गंठा (22), निवासी महालक्ष्मी इन्क्लेव, ट्रांजिट कैंप, मूल निवासी भवानीगंज रामनगर और दीपक कुमार (20), निवासी रतनपुरा, सुल्तानपुर पट्टी, बाजपुर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक अभिषेक, सागर और सुमित के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







