नशे के इंजेक्शन को लेकर विवाद, दोस्त ने ही घोंट दिया अभय का गला…

खटीमा में 20 वर्षीय युवक की हत्या का खुलासा, शव गटर में छिपाया; मोबाइल और 2300 रुपये लूटने के बाद लौटाया फोन

खटीमा। खटीमा में लापता हुए 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने की थी। नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी अभय उर्फ लल्लू सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर नौ नवंबर को उसके बड़े भाई रवि ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता (25) पर शक हुआ। संजय ने अभय का मोबाइल उसके परिजनों को यह कहकर लौटाया था कि उसे रास्ते में पड़ा मिला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या का राज खुल गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। सात नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में चले गए। वहां स्मैक के सेवन के लिए इंजेक्शन तैयार करने के दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास रखे करीब 2300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। शव को घटनास्थल से 15-20 मीटर दूर एक गटर में फेंककर छिपा दिया। आरोपी ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने आठ नवंबर को मोबाइल अभय के भाई को लौटा दिया, जबकि 1700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए। शेष 600 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।

पुलिस ने फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर शव और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद किया। गिरफ्तार संजय गुप्ता के खिलाफ खटीमा थाने में चोरी, हत्या और बीएनएस की धाराओं में पहले भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement
  • Related Posts

    टैक्सी में बैठाने के बहाने युवक को लूटा, दो गिरफ्तार…

    100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे आरोपी, आईफोन, सोने की बाली और नकदी बरामद हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टी पर घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने…

    निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर लूटपाट, चार गिरफ्तार, कॉपर वायर बरामद…

    हीरानगर क्षेत्र में दिया था वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दबोचे आरोपी हल्द्वानी। हीरानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट करने…