100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे आरोपी, आईफोन, सोने की बाली और नकदी बरामद
हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टी पर घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर दो युवकों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट लिया। आरोपियों ने युवक का आईफोन, नकदी, हेडफोन और सोने की बाली लूट ली और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।
बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। सात नवंबर को वह दीपावली की छुट्टियों में घर जाने के लिए हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पहुंचे थे। यहां पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय दो युवक उनसे मिले। दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें सुनसान स्थान पर ले गए और आईफोन, सात हजार रुपये, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी के आधार पर सोमवार को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी और सूरज आर्य निवासी वार्ड नंबर-12 राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







