देर रात वेलेजली क्षेत्र के युवकों से हुआ विवाद, निगम ने भोटिया पड़ाव चौकी में दी तहरीर; सीसीटीवी से होगी आरोपियों की पहचान
हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित नगर निगम के पेट्रोल पंप परिसर में रविवार देर रात कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। शौचालय के इस्तेमाल को लेकर कर्मचारियों से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते अभद्रता और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने शौचालय में तोड़फोड़ करने के साथ ही कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, रविवार देर रात वेलेजली क्षेत्र में रहने वाले कुछ युवक पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर जबरन पंप के शौचालय का इस्तेमाल करने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो युवकों की उनसे बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए शौचालय में तोड़फोड़ कर दी।
घटना के बाद नगर निगम की ओर से मामले में भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में तहरीर सौंपी गई है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित युवकों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।







