अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोजर, अवैध निर्माण से लेकर जर्जर भवन तक ढहाए…

शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा में निगम की कार्रवाई, रास्तों से हटाए अवरोध; खाली भूमि पर विकास कार्यों की बनेगी योजना

हल्द्वानी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए शनि बाजार रोड और बनभूलपुरा क्षेत्र में बुलडोजर चलाया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में पहुंची निगम की टीम ने शनि बाजार रोड के मोड़ पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। वहीं, ताज मस्जिद के पास रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ वार्ड संख्या 23 नई बस्ती स्थित जर्जर सामुदायिक भवन को भी गिरा दिया गया।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि शनि बाजार रोड के मोड़ पर नए अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद एक दिन पहले ही प्राधिकरण और नगर निगम की संयुक्त टीम ने संबंधित व्यक्ति को निर्माण कार्य रोकने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद निर्माण जारी रखा गया। इतना ही नहीं, निर्माण के चलते वहां लगे ट्रांसफार्मर को भी चारों ओर से घेर दिया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा बनभूलपुरा में ताज मस्जिद के पास रास्ते में किए गए अवरोधों को हटाकर आवागमन सुचारू कराया गया। वहीं, वार्ड संख्या 23 नई बस्ती में नगर निगम के पुराने सामुदायिक भवन को भी ध्वस्त किया गया। नगर आयुक्त के अनुसार, भवन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। जर्जर और खतरनाक हालत में पहुंच चुके भवन से किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे हटाने का निर्णय लिया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक भवन हटाए जाने के बाद निगम की भूमि खाली हो जाएगी। इस स्थान पर जनहित से जुड़े विकास कार्य कराने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

  • Related Posts

    भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे मामा की हादसे में मौत, दूसरे बाइक सवार ने भी तोड़ा दम…

    बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, बहनोई समेत दो लोग घायल हल्द्वानी। रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों…

    जंगल से भटककर नवीन मंडी पहुंची नीलगाय, कुत्तों के हमले से बचने में टूटा पैर..Video

    आधे घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, चल रहा उपचार हल्द्वानी। सोमवार सुबह नवीन मंडी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल…