नशे की हालत में घर में घुसकर किए ताबड़तोड़ वार, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद
बागेश्वर। बैजनाथ थाना क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चाचा-चाची की लोहे की रॉड से बेरहमी से हत्या करने के आरोपी भतीजे गोविंद बल्लभ खोलिया (52) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे करीब दस साल पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अत्यधिक नशे की हालत में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे घटना के समय मृतक दंपति के पोते निखिल खोलिया ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में मिले पूरन चंद्र खोलिया (70) और उनकी पत्नी भगवती देवी (62) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद बल्लभ और मृतक दंपति के परिवार के बीच पिछले करीब दस वर्षों से हत्या के प्रयास का मुकदमा चल रहा था। इस मुकदमे को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। रविवार रात आरोपी नशे की हालत में लोहे की रॉड लेकर घर में घुसा और चाचा-चाची पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान आरोपी की पत्नी ने भी दंपति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सकी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में भी राजस्व पुलिस क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास का आपराधिक इतिहास दर्ज है।
नदी पार कर भागा, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ग्राम प्रधान के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। हालांकि, अचानक मिली इस सूचना पर प्रधान को विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी अमोली के रास्ते नदी पार कर फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र मेहरा और सीओ अजय साह के पर्यवेक्षण में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने आखिरकार आरोपी को कौसानी से पहले गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






