टैगोर नगर में जुटेंगे पशुपालक और दुग्ध उत्पादक, डेयरी उत्पादों के साथ सरकारी योजनाओं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रहेगा आकर्षण
ऊधम सिंह नगर। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से आज 2 नवंबर से टैगोर नगर, शक्तिफार्म में आंचल डेयरी का तीन दिवसीय भव्य मेला शुरू होने जा रहा है। 2 से 4 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में जहां आंचल के दुग्ध उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी, वहीं पशुपालकों को डेयरी विकास और सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेले में आंचल डेयरी के विभिन्न दुग्ध उत्पादों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉलों पर पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीक, पशुओं के बेहतर रखरखाव, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे पशुपालकों को नई तकनीकों से रूबरू होने के साथ ही अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे।
आयोजन को केवल डेयरी उत्पादों तक सीमित न रखते हुए ग्रामीण संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की भी तैयारी की गई है। मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके माध्यम से स्थानीय कारीगरों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि आंचल डेयरी उत्तराखंड के पशुपालकों की ताकत और प्रदेश की पहचान है। सरकार शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि के मंत्र के साथ आंचल ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित और लाभान्वित किया जा रहा है।
मंत्री ने आमजन, दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों से तीन दिवसीय मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है। यह मेला स्थानीय उत्पादों को बाजार और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही आंचल डेयरी के उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।






