पुजारियों ने वन विभाग से मांगी सुरक्षा, हाथियों की आवाजाही के चलते बढ़ाई गई निगरानी
रामनगर। कॉर्बेट नगरी रामनगर के प्रसिद्ध गर्जिया मंदिर परिसर के पास बृहस्पतिवार रात उस समय हलचल मच गई, जब एक हाथी टीले के समीप पहुंच गया। हाथी काफी देर तक उत्पात मचाता रहा और तोड़फोड़ करने का प्रयास करता रहा। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हाथी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी मंदिर के टीले के आसपास काफी देर तक सक्रिय रहा। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी बनाया। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए मंदिर परिसर में सतर्कता बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर के पुजारी ने वन विभाग को सूचित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।






