सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी से खूनी विवाद, युवक पर झोंका फायर…

सतीघाट पर युवक की हत्या का प्रयास, ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। कनखल के सतीघाट पर युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर उस पर तमंचे से फायरिंग की गई। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर की रात की है। कनखल क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बेटे के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। युवक बाल-बाल बचा।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र, निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल।
  2. गौतम सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी बैरागी कैंप, कनखल।
  3. मनीष कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल।
  • Related Posts

    नैनीताल में मौसम का अलर्ट, डीएम ने दिए अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश…

    30 अक्टूबर को जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश, नदी-नालों से दूर रहने की अपील हल्द्वानी। नैनीताल जिले में 30 अक्टूबर को मौसम बिगड़ने की…

    दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को मुकेश बोरा की सौगात, 29.39 लाख का बोनस बांटा

    तीन दुग्ध समितियों में 3.81 करोड़ रुपये की दूध खरीद पर मिला बोनस, पशुपालकों के खिले चेहरे हल्द्वानी/लालकुआं। धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने…