30 अक्टूबर को जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश, नदी-नालों से दूर रहने की अपील
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में 30 अक्टूबर को मौसम बिगड़ने की आशंका को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें और अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के कार्मिकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बने रहने के निर्देश भी दिए, जिससे जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को बिना देरी शुरू किया जा सके।
नदी-नालों के पास जाने से बचें
जिलाधिकारी ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने लोगों को विशेष सावधानी बरतने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
आपदा कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश
डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि मौसम से जुड़ी किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को नजरअंदाज न करें और सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरतें।






