छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर में भिड़े दो गुट, वीडियो फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के अंतिम दौर के बीच दो गुटों में मारपीट के मामले में नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में राधे गुप्ता नामक छात्र के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य युवकों की भी पहचान शुरू कर दी है।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चुनाव की आड़ में मारपीट, दबंगई अथवा अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया।
पुलिस के अनुसार, धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए अनिकेत चरण पुत्र डेविड चरण निवासी राजपुरा और दीपक बोरा पुत्र हरक सिंह बोरा निवासी तिकोनिया कैनाल रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों को सचिव पद के प्रत्याशी भविष्य रावत का समर्थक बताया गया है। आरोप है कि दिन के समय उनके द्वारा सचिव पद के दूसरे प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है।






