डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग से पुलिस ने आरोपी तक पहुंचकर किया गिरफ्तार
हरिद्वार। पिरान कलियर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर नाबालिग से संपर्क करने, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में वांछित युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजन ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर दी थी। आरोप था कि दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली (उत्तर प्रदेश) ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से नाबालिग से संपर्क किया। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 205/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 25 सितंबर को आरोपी दानिश को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






