पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश को पैर में लगी गोली, साथी फरार; हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा के पास 14 सितंबर को हुई हैप्पी (28) की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मुद्दस्सिर निवासी सहारनपुर को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
हत्या के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों का गठन किया था। लगातार पतारसी-सुरागरसी और संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस को दो बदमाशों के बाइक से आने की सूचना मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी और कलियर की ओर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक छोड़कर झाड़ियों की आड़ में छिप गए और पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे, जबकि एक गोली सरकारी वाहन की ड्राइवर साइड की खिड़की के नीचे लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर बाद झाड़ियों से फायरिंग बंद होने पर तलाशी ली गई तो एक बदमाश घायल हालत में मिला।
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान मुद्दस्सिर (20) पुत्र जमशेद, निवासी दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई। उसके बाएं पैर की पिंडली में गोली लगी थी। उसे उपचार के लिए मेला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
रंजिश में रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। वर्ष 2022 में आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पर जनकपुरी, सहारनपुर में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक इस्तकार को शक था कि उसकी गिरफ्तारी में मृतक हैप्पी ने मुखबिरी की थी। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार स्मैक के धंधे में लिप्त हो गया था। हैप्पी द्वारा उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दिए जाने और बाद में पैसे की मांग किए जाने से वह परेशान था। इसके बाद इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हैप्पी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की गई और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया गया।
यह सामान हुआ बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी हरिद्वार ने 2500 रुपये और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने 5000 रुपये इनाम की घोषणा की है।






