हल्द्वानी। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहे 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। पूछताछ में उसने खुद को आईबी अधिकारी बताया, लेकिन पुलिस के सवालों पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
तलाशी लेने पर कार से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन रखता था। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मो. मोहासिब खान निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 315/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।






