हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित किए जाने वाले क्रिकेट मैचों से पहले ही बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। EVCL के बैनर तले प्रस्तावित क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से पहले ही टीम बेचने के नाम पर हुए लाखों रुपये की ठगी के बड़े खेल से खेल प्रेमियों और निवेशकों में निराशा है।
जानकारी के अनुसार 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित किए जाने थे। आयोजक विकास ढाका ने विभिन्न राज्यों के लोगों को टूर्नामेंट में टीम दिलाने और लाभ का झांसा देकर मोटी रकम वसूली। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े का जाल इतना बड़ा था कि इसमें उत्तराखंड के पूर्व विधायक नारायण पाल सहित कई राज्यों के निवेशक भी ठगी का शिकार हो गए।
सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयोजक स्वयं ही पूरे खेल का सूत्रधार था और क्रिकेट के नाम पर बड़े पैमाने पर आर्थिक डकैती को अंजाम दे रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी वित्तीय लेन-देन, आयोजकीय दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित टूर्नामेंट के लिए आवश्यक अनुमति, अनुबंध और वैधानिक स्वीकृतियां ली गई थीं या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई और आगे की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। खेल के नाम पर हुए इस फर्जीवाड़े ने एक बार फिर निवेशकों और खिलाड़ियों को सावधान रहने का संदेश दिया है, वहीं पुलिस का दावा है कि पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











