
नैनीताल। महिला सुरक्षा को लेकर एक परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है दिल्ली से नैनीताल घूमने आई एक युवती को स्थानीय टैक्सी ड्राइवर ने अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया है। पीड़ित युवती के साथ मारपीट करी गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया । पीड़िता ने किसी तरह जान बचाकर भागी और पूरी रात सड़क किनारे कलवर्ट में छिपी रही । मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता देहरादून से हल्द्वानी बस से पहुंची और फिर कार बुक की। यहां से उसे नैनीताल जाना था, लेकिन देर शाम होने के कारण शेयरिंग टैक्सी नहीं मिल सकी। इसके बाद उसने हल्द्वानी निवासी टैक्सी चालक दीपक बोहरा की कार बुक कर ली। पीड़िता ने बताया कि चालक नशे में था। नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले आरोपी चालक ने अचानक वाहन को पटवाडांगर मार्ग की ओर जंगल की तरफ मोड़ दिया। युवती के विरोध करने पर चालक ने तेज गति से कार दौड़ा दी और सूनसान इलाके में ले गया। करीब दो किलोमीटर आगे जाने के बाद चालक ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इस दौरान आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन भी छीन लिया ।
पीड़ित युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर नंगे पांव जंगल की ओर भाग गई। आरोपी ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन युवती सड़क किनारे बने कलवर्ट में छिप गई और पूरी रात उसी जगह छिपी रही।
सुबह होने पर युवती ने एक महिला को पूरी घटना बताई । इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक छाते का डंडा, चप्पल और पर्स बरामद किया । युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक दीपक बोहरा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।











