नैनीताल। जिले के बिंदुखत्ता बंगाली कॉलोनी निवासी जीवन दास (42) ने बृहस्पतिवार सुबह अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक स्थानीय पेपर मिल में मजदूरी करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ानाला पश्चिमी राजीवनगर निवासी मृतक जीवन दास ने एक वर्ष पहले बेटी का विवाह किया था। बताया जा रहा है कि विवाह के दौरान उस पर कर्ज हो गया था। पेपर मिल में मजदूरी के एवज में उसे कुल 12 हजार वेतन मिलता था। कर्ज वापसी में हो रही दिक्कत के चलते वह काफी परेशान रहने लगा था। कर्जदार उधार वापस मांगने के लिए तकादा करने घर पर ही आने लगे थे। इससे वह काफी तनाव में था। इसीलिए कर्ज न चुका पाने से आहत होकर जीवन दास ने बृहस्पतिवार सुबह फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पत्नी का कहना है कि उसकी पांच बेटियां हैं। केवल एक पुत्री का विवाह हुआ है। अब वह बिना पति के अपने परिवार का भरण पोषण और पुत्रियों का विवाह कैसे करेगी।








